लक्सर रेंज के गिद्दावाली गांव में घुसा विशालकाय मगरमच्छ, दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गंगा में छोड़ा गया

लक्सर रेंज के गिद्दावाली गांव में घुसा विशालकाय मगरमच्छ, दो घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गंगा में छोड़ा गया

स्थान : लक्सर

शनिवार रात लक्सर रेंज के गिद्दावाली गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक विशालकाय मगरमच्छ अचानक एक ग्रामीण के घर में घुस आया। घर के भीतर मगरमच्छ को बैठे देख परिजनों के होश उड़ गए और पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी के निर्देशन में वन विभाग की क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT) रात करीब दो बजे गांव में पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

दो घंटे की मशक्कत, ग्रामीणों की मदद से सफलता

मगरमच्छ का आकार और वजन इतना अधिक था कि वन विभाग की टीम को उसे काबू में करने में कड़ी मेहनत करनी पड़ी। ग्रामीणों के सहयोग से मगरमच्छ की चारों ओर से घेराबंदी की गई और सावधानीपूर्वक जाल बिछाकर उसे पकड़ा गया। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद टीम ने मगरमच्छ को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर गंगा नदी में सुरक्षित छोड़ दिया।

बारिश में मगरमच्छों की आवाजाही आम

रेंजर शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि, “मगरमच्छ को किसी प्रकार की क्षति पहुंचाए बिना सुरक्षित तरीके से गंगा नदी में छोड़ा गया। बारिश के मौसम में अक्सर मगरमच्छ और अन्य जलीय जीव नालों या जलमार्गों के जरिए आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं।” उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी जंगली जानवर के दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग के टोल फ्री नंबर 1962 या नजदीकी QRT टीम को सूचना देने की अपील की।

ग्रामीणों ने जताया आभार

घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल जरूर बना रहा, लेकिन वन विभाग की तत्परता से बड़ी घटना टल गई। गांववासियों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई और साहसिक प्रयासों की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया।