

लोकेशन- मुनिकीरेती

रिपोट- सागर रस्तोगी

ऋषिकेश, 19 जुलाई 2025 —

शिवपुरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बढ़ल स्थित एक रिसॉर्ट में ठहरी कैलिफोर्निया (अमेरिका) निवासी महिला कसाड्रा आयन जोन्स (उम्र लगभग 40 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला अपने पति और बेटी के साथ 17 जुलाई को रिसॉर्ट में रुकी थी।




19 जुलाई को दोपहर में जब वह रिसॉर्ट से चेक आउट कर रही थीं, तभी अचानक चक्कर खाकर बेहोश हो गईं।]

रिसॉर्ट प्रबंधन ने तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था कर महिला को ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



मुनिकीरेती थाना क्षेत्र की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी में रखवाया। वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश पांडे ने जानकारी दी कि महिला के पति ने जहरीले कीट के काटने की आशंका जताई है। हालांकि, वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।




घटना की सूचना अमेरिकी दूतावास को दे दी गई है और उच्चाधिकारियों को भी सूचित किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की अग्रिम जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।



