नीलकंठ जलाभिषेक के लिए आए 15 वर्षीय कांवड़िये की संदिग्ध मौत, शव पड़ा मिला पार्किंग क्षेत्र में

नीलकंठ जलाभिषेक के लिए आए 15 वर्षीय कांवड़िये की संदिग्ध मौत, शव पड़ा मिला पार्किंग क्षेत्र में

लोकेशन-ऋषिकेश

संवाददाता -सागर रस्तोगी

नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए आए एक कांवड़िये की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना शुक्रवार को आईडीपीएल पोस्ट ऑफिस के निकट स्थित पार्किंग क्षेत्र में उस समय सामने आई जब 15 वर्षीय कांवड़िया अर्जुन सिंह, निवासी जींद (हरियाणा), शौच के लिए गया और काफी देर तक वापस नहीं लौटा।

साथियों की चिंता के बाद जब कांवड़िए उसे ढूंढने निकले तो अर्जुन शौच स्थल पर मुंह के बल अचेत अवस्था में पड़ा मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने अर्जुन को तुरंत एम्स अस्पताल ऋषिकेश पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चिकित्सकों के अनुसार मृतक का पूरा शरीर नीला पड़ा हुआ था, जिससे प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत किसी जहरीले जीव (जैसे सांप या बिच्छू) के काटने से हो सकती है। हालांकि, मृत्यु के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस जांच जारी, साथी कांवड़ियों से ली गई जानकारी

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के अनुसार, मृतक अपने साथियों के साथ हरियाणा से नीलकंठ महादेव के दर्शन के लिए आया था। कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और साथी कांवड़ियों से पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना के बाद से कांवड़ यात्रियों में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और कांवड़ियों से अपील की है कि वे अकेले निर्जन स्थलों पर न जाएं।