

नौटी, चमोली

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने शुक्रवार को नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए प्रसिद्ध नौटी गांव का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने नौटी गांव स्थित प्राचीन उफरांई देवी (अपर्णा देवी) मंदिर तथा नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर समस्त ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।



मंदिर दर्शन के उपरांत जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से भेंट की और नंदा देवी राजजात यात्रा से जुड़ी परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


इस दौरान ग्रामीणों ने यात्रा के ऐतिहासिक महत्व, सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय सहयोग की भूमिका पर भी चर्चा की।



जिलाधिकारी तिवारी ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि नंदा देवी राजजात यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य रूप से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां तेज़ी से की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




ज्ञात हो कि नंदा देवी राजजात यात्रा उत्तराखंड की एक ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा है, जो हर 12 वर्षों में आयोजित होती है और इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं।




