

रिपोर्ट -दीपक नौटियाल, उत्तरकाशी

सीमांत जनपद उत्तरकाशी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुके हैं। करीब एक महीने से चुनाव चिन्ह का इंतजार कर रहे प्रत्याशियों को जब प्रतीक चिन्ह मिल गए, तो उन्होंने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है।



अब प्रत्याशी डोर-टू-डोर अभियान के जरिए मतदाताओं से सीधा संपर्क कर रहे हैं, जिससे शांत पहाड़ी गांवों में चुनावी रौनक लौट आई है।




प्रत्याशियों द्वारा सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार के वादे किए जा रहे हैं और वे आगामी 28 जुलाई को अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। चुनावी माहौल ने लंबे समय से सुनसान पड़े पलायनग्रस्त गांवों में भी चहल-पहल बढ़ा दी है।



जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम प्रधान पदों के लिए मैदान में उतरे प्रत्याशी अब अलग-अलग टोलियों के साथ गांवों की पगडंडियों पर जनसंपर्क में जुटे हैं। चुनाव को लेकर ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।




वहीं, प्रत्याशियों के समर्थक भी प्रचार में पूरी सक्रियता के साथ लगे हुए हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर लोकतांत्रिक जागरूकता का माहौल बनता दिख रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस बार मतदान में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी देखने को मिलेगी।



