

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

रामनगर पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे शातिर शूटर और वांछित अपराधी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई भी पूरी कर ली है।



रामनगर कोतवाल अरुण कुमार सैनी और एसटीएफ प्रभारी निरीक्षक एमपी सिंह ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर इस गिरफ्तारी का खुलासा किया। कोतवाल सैनी ने बताया कि गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, उत्तर प्रदेश के मेरठ का रहने वाला है और एक पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।



कोतवाल के अनुसार, 27 जुलाई 2017 को रामनगर क्षेत्र के हल्दुआ इलाके में वाहन चेकिंग के दौरान गुरप्रीत सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया था। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। इस मामले में तत्कालीन चौकी प्रभारी ने कोतवाली रामनगर में मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से ही गुरप्रीत फरार चल रहा था और कोर्ट द्वारा उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।



पुलिस के अनुसार, गुरप्रीत सिंह वर्ष 2016 में रुद्रपुर में हुए चर्चित छोटे प्रधान हत्याकांड में भी संलिप्त रहा है, और उस मामले में भी कोर्ट से भगोड़ा घोषित है। इसके अतिरिक्त, आरोपी पंजाब की दो अलग-अलग अदालतों से भी भगोड़ा घोषित हो चुका है।

कोतवाल सैनी ने बताया कि आरोपी शातिर शूटर है और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उसे रामनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य मामलों की भी छानबीन कर रही है।




