

स्थान- खटीमा, उधम सिंह नगर

रिपोर्ट- अशोक सरकार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर अपने गृह क्षेत्र खटीमा पहुंचे। नगर में पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने एक निजी बैंक्वेट हॉल में आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में भाग लिया।




इस कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस छोड़कर आए कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री धामी ने सभी नवगठित कार्यकर्ताओं को माला पहनाकर उनका स्वागत किया और उन्हें भाजपा परिवार में शामिल होने पर शुभकामनाएं दीं।



मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति कर रहा है और उत्तराखंड भी विकास की राह पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि प्रदेश को हाल ही में बड़े पैमाने पर निवेश प्राप्त हुआ है,



जिससे आने वाले समय में युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह निवेश प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




