

लोकेशन – ऋषिकेश

संवाददाता – सागर रस्तोगी

श्रावण मास में नीलकंठ कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस कप्तान पौड़ी लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर बाहरी क्षेत्रों से आए फुटकर विक्रेताओं की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है



, जो नीलकंठ पैदल मार्ग एवं बाघखाला तिराहा से मोनी बाबा तिराहा के बीच जलजीरा, नींबू पानी व खाद्य पदार्थ की ठेलियां लगाकर बिक्री कर रहे हैं।



लक्ष्मण झूला थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने अपनी टीम के साथ मिलकर पैदल मार्ग क्षेत्र में विभिन्न टीमें गठित की हैं, जो खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही कर रही हैं। इन टीमों द्वारा खाद्य एवं पेय पदार्थों के मानकों की सघन जांच की जा रही है ताकि किसी भी तरह की मिलावट या अमानक वस्तुओं की बिक्री को रोका जा सके।

थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया:
“मेले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और खाद्य मानकों के अलावा दुकानदारों का मौके पर ही सत्यापन भी किया जा रहा है।”


प्रशासन की यह मुहिम श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाई जा रही है ताकि कोई भी व्यापारी अवैध या निम्न गुणवत्ता वाले उत्पादों से श्रद्धालुओं की आस्था व सेहत के साथ खिलवाड़ न कर सके।


नीलकंठ मेला क्षेत्र में सुरक्षा, सफाई और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त टीमें लगातार मुस्तैद हैं।


