लॉर्ड्स टेस्ट में मोहम्मद सिराज पर ICC की कार्रवाई, आक्रामक जश्न के चलते लगा जुर्माना

लॉर्ड्स टेस्ट में मोहम्मद सिराज पर ICC की कार्रवाई, आक्रामक जश्न के चलते लगा जुर्माना

भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दौरान टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को ICC आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। सिराज पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और साथ ही उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट भी मिला है।

यह मामला टेस्ट मैच के चौथे दिन का है, जब सिराज ने इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट का विकेट लेने के बाद बेहद आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। सिराज विकेट लेने के बाद बल्लेबाज के बहुत करीब पहुंच गए और उन्हें घूरते हुए आक्रामक हावभाव दिखाए। यहां तक कि दोनों खिलाड़ियों के कंधे तक टकरा गए, जिसे आईसीसी ने खेल भावना के विपरीत व्यवहार माना।

ICC की आचार संहिता का उल्लंघन

मोहम्मद सिराज को ICC की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.5 के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया है। यह अनुच्छेद उस व्यवहार से जुड़ा है जिसमें खिलाड़ी बल्लेबाज को आउट करने के बाद अपमानजनक भाषा या इशारों से उकसाता है

सिराज ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और आधिकारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। 24 घंटे के भीतर ICC ने इस पर फैसला सुना दिया।

दो डिमेरिट अंक हो चुके हैं सिराज के खाते में

यह सिराज का पिछले 24 महीनों में दूसरा डिमेरिट प्वाइंट है। यदि किसी खिलाड़ी के चार डिमेरिट प्वाइंट हो जाते हैं, तो वे सस्पेंशन पॉइंट्स में बदल दिए जाते हैं, और खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से निलंबित किया जा सकता है।

क्या है आगे का असर?

हालांकि इस जुर्माने से सिराज को अगला मैच खेलने से नहीं रोका जाएगा, लेकिन यह चेतावनी जरूर है कि यदि वे फिर से नियमों का उल्लंघन करते हैं, तो बैन का खतरा बढ़ सकता है।

अब टीम मैनेजमेंट को भी सिराज के जोशीले जश्न पर लगाम लगानी होगी, ताकि वे अगली बार अनुशासनहीनता के चलते टीम से बाहर न हों।

कड़ा संदेश

ICC की यह कार्रवाई साफ संकेत है कि खेल भावना से समझौता करने वाले किसी भी व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे वह कितना ही बड़ा खिलाड़ी क्यों न हो।