ब्रिटिशकालीन नक्शों और दस्तावेजों को संरक्षित किया जाएगा: कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत

ब्रिटिशकालीन नक्शों और दस्तावेजों को संरक्षित किया जाएगा: कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत

रिपोर्टर: पंकज सक्सेना

स्थान: हल्द्वानी

कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने हल्द्वानी स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को ब्रिटिशकालीन नक्शों और अन्य ऐतिहासिक दस्तावेजों के संरक्षण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ये नक्शे न केवल ऐतिहासिक धरोहर हैं, बल्कि शहरी नियोजन, भू-स्वामित्व, सीमा निर्धारण और विकास कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कमिश्नर रावत ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि इन दस्तावेजों को डिजिटल प्रारूप में संरक्षित किया जाए, जिससे इनका दीर्घकालिक उपयोग और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि अनेक पुराने नक्शे तहसीलों, नगरपालिकाओं और वन विभाग के अभिलेखागारों में वर्षों से उपेक्षित अवस्था में पड़े हुए हैं और धूल फांक रहे हैं।

उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने जनपदों में उपलब्ध ब्रिटिशकालीन नक्शों और दस्तावेजों की सूची तैयार करें और उसे शासन को प्रेषित करें। कमिश्नर ने कहा कि इन ऐतिहासिक अभिलेखों को संजोकर न केवल विरासत को संरक्षित किया जा सकता है, बल्कि यह प्रशासनिक और कानूनी कार्यों के लिए भी अमूल्य संसाधन सिद्ध हो सकते हैं।