

देहरादून

सचिन कुमार

उत्तराखंड में चल रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आज नामांकन पत्रों के सत्यापन का अंतिम दिन है, जिसके बाद चुनावी प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश करेगी — जिसमें नाम वापसी और चुनाव चिन्हों का आबंटन किया जाएगा।



भाजपा की ओर से जानकारी दी गई है कि पार्टी पूरी ताकत के साथ पंचायत चुनावों में उतरने जा रही है। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विपिन केथोला ने बयान देते हुए कहा कि

“पार्टी पंचायत चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक स्तर पर काम कर रही है।“


भाजपा के दिग्गज नेता करेंगे चुनाव प्रचार
नाम वापसी के बाद भाजपा अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार अभियान तेज करेगी। इसके तहत विधायक, सांसद, मंत्री और पार्टी पदाधिकारी चुनावी मैदान में जनसभाएं और जनसंपर्क करेंगे।

प्रवक्ता विपिन केथोला ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं भी कई महत्वपूर्ण स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित करेंगे, ताकि प्रत्याशियों को मजबूती मिल सके।


पार्टी सूत्रों के अनुसार, जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रत्याशियों की सूची को लेकर रणनीति लगभग तय हो चुकी है और पार्टी के हर स्तर के कार्यकर्ता गांव-गांव संपर्क कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं।




