

शहजाद अली
हरिद्वार

सैनी समाज के प्रतिष्ठित सैनी आश्रम के संचालन को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। मंगलवार को एक गुट से जुड़े लोगों ने देवपुरा प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर आश्रम पर कब्जे की कोशिश और हिंसक घटनाओं के आरोप लगाए।



प्रेस वार्ता के दौरान सैनी सभा के अध्यक्ष आदेश सैनी ‘सम्राट’ ने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने पहले आम सभा में मारपीट और बवाल किया था, मंगलवार को वही लोग फिर से आश्रम परिसर में जबरन घुसे और पत्थरबाजी व मारपीट की। उनका दावा है कि इस घटना में हथियारों से लैस बाहरी गुंडा तत्व भी शामिल थे।



आदेश सैनी ने बताया कि पूर्व में कुछ लोगों ने आश्रम के नाम पर आर्थिक अनियमितताएं कीं, जिसके बाद समाज के हित में चार महीने पहले ‘सैनी आश्रम ज्वालापुर’ नामक संस्था को विधिवत रूप से रजिस्टर्ड कराया गया। संस्था के माध्यम से एक नया बैंक खाता भी खोला गया है और आश्रम के नए भवन निर्माण का कार्य समाज की सहमति से शुरू किया गया है।



उन्होंने दावा किया कि सैनी समाज के 95 प्रतिशत लोग उनके साथ हैं और जो लोग इस कार्य को रोकने का प्रयास कर रहे हैं, वे केवल भ्रम फैलाकर समाज को गुमराह करना चाहते हैं।

आदेश सैनी ने समाज के लोगों से भ्रम और बहकावे में न आने की अपील की है। साथ ही, उन्होंने कहा कि इस तरह की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

सैनी समाज में इस घटनाक्रम के चलते तनाव का माहौल है, जबकि आमजन भी इस विवाद के जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।



