

हल्द्वानी

उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में स्थित नदियाँ उफान पर हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



ताजा मामला चोरगलिया नदी का है, जो गोलापार और चोरगलिया को जोड़ती है। यह नदी इस समय अपने पूरे उफान पर है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि नदी में जलभराव इतना अधिक है कि लोग जान जोखिम में डालकर आना-जाना कर रहे हैं। यही नहीं, स्कूली बच्चों को ले जा रहे वाहन भी इसी नदी से होकर गुजरने को मजबूर हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।




लगातार पांच दिन के लिए जारी अलर्ट के बीच प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी नैनीताल ने नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही एसडीआरएफ और पुलिस टीमों को चौकस रहने को कहा गया है।



प्रशासन की ओर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही मूसलधार बारिश का सीधा असर तराई क्षेत्रों, विशेष रूप से हल्द्वानी में देखा जा रहा है। कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुँच गया है।


स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चोरगलिया नदी पर वैकल्पिक पुल या सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था की जाए, जिससे भविष्य में इस तरह की जोखिमपूर्ण परिस्थितियों से बचा जा सके।



