

रिपोर्ट – भगवान सिंह

पौड़ी गढ़वाल

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन पत्रों की जांच के दौरान कल्जीखाल ब्लॉक मुख्यालय में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब कांग्रेस कार्यकर्ता नवीन भट्ट और पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह राणा के बीच तीखी कहासुनी हो गई।



मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब गढ़कोट क्षेत्र पंचायत सीट से प्रत्याशी मीरा देवी ने जिलाधिकारी गढ़वाल से शिकायत करते हुए गंभीर आरोप लगाए।



मीरा देवी का कहना है कि उनके पति नवीन भट्ट उनके साथ नामांकन जांच के लिए ब्लॉक मुख्यालय गए थे, जहां पूर्व प्रमुख महेंद्र सिंह राणा ने कथित रूप से उन्हें जान से मारने और घर से उठा ले जाने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राणा का नाम कल्जीखाल ब्लॉक की मतदाता सूची में नहीं है, इसके बावजूद वे वहां प्रत्याशियों को धमकाने के लिए उपस्थित थे।



इस घटना को लेकर कांग्रेस जिला अध्यक्ष विनोद नेगी के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल से मुलाकात की और महेंद्र राणा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता संजय डबराल, अजय पटवाल, नवीन भट्ट सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मीरा देवी ने पूर्व में पटवालस्यूं के राजस्व उप निरीक्षक को भी इस संबंध में तहरीर दी है और राणा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


इस मामले में एडीएम पौड़ी अनिल गर्ब्याल ने बताया कि पीड़ित पक्ष को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है। साथ ही मामले की जांच संबंधित राजस्व उप निरीक्षक द्वारा की जा रही है, जो वर्तमान में गतिमान है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर तहसीलदार एवं राजस्व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।



