कांवड़ यात्रा की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने नीलकंठ क्षेत्र का किया कड़ा निरीक्षण, अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश

कांवड़ यात्रा की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने नीलकंठ क्षेत्र का किया कड़ा निरीक्षण, अधिकारियों को दिये सख्त निर्देश

स्थान : पौड़ी
रिपोर्ट : जय ममगाई

कांवड़ यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने शनिवार को नीलकंठ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर यात्रा मार्ग, सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने नीलकंठ मंदिर समिति, व्यापार संघ एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थानीय समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की।

बैठक में मुख्य रूप से सफाई और पेयजल आपूर्ति की समस्याएं सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को जानकीचट्टी-नीलकंठ मोटर मार्ग पर कार्य पूरा न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर गड्ढे भरने, टूटे हुए पुलों की मरम्मत तथा क्रैश बैरियर लगाने के कार्य को अगले तीन दिनों के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

नीलकंठ बाजार में बरसाती पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर शुरू करने और दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारी की जवाबदेही तय करने के भी आदेश जिलाधिकारी ने दिए।

जिलाधिकारी ने नीलकंठ क्षेत्र के हैंडपंपों और स्टैंड पोस्टों के जल गुणवत्ता परीक्षण कराने, साइन बोर्ड लगाने और जल संस्थान एवं विद्युत विभाग को पेयजल की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में टैंकर की पर्याप्त उपलब्धता को भी सुनिश्चित करने को कहा।

पीपलकोटी के पास भवन निर्माण से हो रहे भू-धंसाव पर निर्माणकर्ता को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत नोटिस जारी करने के आदेश भी दिए गए।

नीलकंठ पार्किंग स्थल पर शौचालय और जलापूर्ति व्यवस्था न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए एएमए जिला पंचायत को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने स्थायी और मोबाइल शौचालयों की सफाई, जलापूर्ति एवं मरम्मत को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए।

यात्रा के दौरान नीलकंठ क्षेत्र में साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम के लिए कूड़ा गाड़ियों की संख्या बढ़ाने और तैनात 60 सफाई कर्मियों की मॉनिटरिंग सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है, इसलिए कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।