नाबालिग से छेड़खानी के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, पुलिस और विधायक का किया पुतला दहन

नाबालिग से छेड़खानी के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, पुलिस और विधायक का किया पुतला दहन

कपकोट,बागेश्वर

बागेश्वर जनपद के कपकोट क्षेत्र में नाबालिग बेटी के साथ हुई छेड़खानी की घटना को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को फूट पड़ा। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज़ सैकड़ों ग्रामीणों ने कपकोट बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया और पुलिस प्रशासन पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विधायक और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया। आक्रोशित लोगों ने कहा कि घटना के बाद कई दिन बीत गए हैं लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद कमजोर होती जा रही है।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। गुस्साए ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

उधर, कांग्रेस पार्टी ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए विधायक सुरेश गढ़िया और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं हैं।

ग्रामीणों की मांग है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।