

टॉप – हरिद्वार
संवाददाता – प्रवेश राय

उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब खतरनाक रूप लेती जा रही है। पहाड़ों के दरकने और भूस्खलन की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में हरिद्वार स्थित प्राचीन भीमगोड़ा कुंड से एक चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है, जहां आज सुबह अचानक पहाड़ का एक हिस्सा गिर गया।



मंदिर परिसर और शिवलिंग क्षतिग्रस्त
भूस्खलन के चलते गिरे मलबे ने मंदिर परिसर और वहां स्थित शिवलिंग को क्षति पहुंचाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब हादसा हुआ उस समय कई श्रद्धालु परिसर में मौजूद थे, जो मलबा गिरते ही दहशत में इधर-उधर भागे।



गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, लेकिन धार्मिक आस्था का केंद्र माने जाने वाले भीमगोड़ा कुंड को इस हादसे से गंभीर नुकसान जरूर हुआ है।

लगातार बारिश से प्रदेश में बढ़ा खतरा


उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें बंद हैं, नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और भू-स्खलन के मामले बढ़ते जा रहे हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अलर्ट जारी किया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन की ओर से जांच और सुरक्षा के निर्देश

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मंदिर क्षेत्र को एहतियातन खाली कराया गया है और मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि,
“पूरे क्षेत्र की सुरक्षा जांच की जा रही है और जरूरी स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी।”

श्रद्धालुओं से अपील
प्रशासन और स्थानीय पुजारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बारिश के दिनों में सावधानी बरतें और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर बिना आवश्यक कारण न जाएं।



