उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क, हरिपुरा जलाशय में मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क, हरिपुरा जलाशय में मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

लोकेशन-बाजपुर / गदरपुर
रिपोर्ट- अकरम चौधरी

उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक आपदा की आशंका को बढ़ा दिया है।

इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पूर्व तैयारी और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को परखने के लिए हरिपुरा जलाशय क्षेत्र में वृहद मॉक ड्रिल का आयोजन किया।


गदरपुर तहसील के कुल्हा गांव में किया गया अभ्यास

इस मॉक ड्रिल का आयोजन गदरपुर तहसील के ग्राम कुल्हा स्थित हरिपुरा जलाशय में किया गया। इस दौरान बाढ़ जैसे हालात को ध्यान में रखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास कराया गया।


एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्वास्थ्य टीम ने निभाई अहम भूमिका

अभ्यास में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, डॉक्टरों की टीम, राजस्व विभाग और प्रशासनिक अधिकारी पूरी सक्रियता के साथ मौजूद रहे। मॉक सिचुएशन में 25 ग्रामीणों और 20 बकरियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जिससे यह दर्शाया गया कि आपदा की स्थिति में मानव व पशुधन की रक्षा के लिए तैयारियां पूरी हैं।


एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने दी जानकारी

बाजपुर एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा ने बताया कि,

“उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों के तहत यह मॉक ड्रिल की गई है। इसका उद्देश्य मानसून के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति में त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित करना है। सभी संबंधित विभागों ने समन्वय के साथ अपनी भूमिका निभाई।”


मानसून को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के मद्देनजर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां टीमें पहले से तैनात कर दी गई हैं। ड्रोन सर्वे, नाव, मेडिकल किट और अन्य रेस्क्यू संसाधनों को भी सक्रिय कर दिया गया है।