श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का समापन, महाप्रसाद भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

श्री पंचेश्वर महादेव मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का समापन, महाप्रसाद भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

रानीखेत

श्री पंचेश्वर महादेव शिव मंदिर परिसर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का विधिवत समापन पूर्णाहुति तथा महाप्रसाद भंडारे के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और भजन-कीर्तन से गुंजायमान रहा।

कथा वाचन अयोध्या से पधारे व्यास श्री बल्लभाचार्य जी ने किया, जो श्रीराम मंदिर, अयोध्या के श्री मौनी महाराज जी के सानिध्य में हुआ। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और जीवन के उच्च आदर्शों से जुड़ी सुंदर कथाओं का सारगर्भित वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम के अंतिम दिन आयोजित महाप्रसाद भंडारे में क्षेत्र भर से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री करन माहरा ने भी पहुंचकर आयोजन की सराहना की और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया।

शिव मंदिर समिति की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष कैलाश पांडे, कोषाध्यक्ष पूरन नेगी, सचिव अतुल अग्रवाल, सदस्य जगदीश अग्रवाल, पुजारी हेम पंत, प्रबंधक रमेश अधिकारी, पंकज जोशी, दीपक खंडेलवाल, सुक्रत साह, पूरन कांडपाल, पुरुषोत्तम उपाध्याय, दीपक जोशी, गौरव चौरसिया, सुमन, रतन चौरसिया, कुलदीप कुमार, गौरव बिष्ट, भुवन तिवारी सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया।

मंदिर परिसर में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। आयोजन के सफल समापन पर श्रद्धालुओं और आयोजकों ने एक स्वर में इसका श्रेय ईश्वर की कृपा और सभी सहयोगियों की समर्पित भावना को दिया।