एम्स कर्मियों के अवैध कब्जे पर चला बुलडोज़र, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन दर्जन से अधिक अतिक्रमण हटाए गए

एम्स कर्मियों के अवैध कब्जे पर चला बुलडोज़र, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन दर्जन से अधिक अतिक्रमण हटाए गए

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

शहर के बैराज से वीरभद्र मंदिर तिराहे तक फैले अवैध अतिक्रमण पर बुधवार को नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। वर्षों से फुटपाथ और सड़क किनारे अतिक्रमण कर रहे दुकानदारों और वेंडरों के खिलाफ चले इस अभियान में करीब तीन दर्जन से अधिक अवैध ढांचे हटाए गए। इस दौरान कई एम्स कर्मचारियों की भी संलिप्तता सामने आई, जिन्होंने सरकारी नौकरी के साथ-साथ अवैध रूप से सड़क किनारे कारोबार भी शुरू कर रखा था।

अतिक्रमण हटाओ अभियान की भनक मिलते ही हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने खुद ही अपने कब्जे हटाने शुरू कर दिए, वहीं कई जगहों से निगम की टीम ने सामान जब्त किया। निगम अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कब्जे फास्ट फूड वैन और ठेलों के रूप में किए गए थे।

अभियान का नेतृत्व कर रहे सफाई निरीक्षक अभिषेक मल्होत्रा ने बताया कि “लगभग 36 से ज्यादा अतिक्रमण हटाए गए हैं और यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।” वहीं एम्स चौकी प्रभारी निखलेश बिष्ट ने बताया कि कई अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ चालान काटकर जुर्माना भी वसूला गया है।

दिलचस्प बात यह रही कि जब टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो कुछ एम्स कर्मचारियों ने मौके पर आकर कब्जे को अपना बताया और मोहलत की मांग की, लेकिन प्रशासन ने किसी की नहीं सुनी और कार्रवाई जारी रखी।

स्थानीय पार्षद लव कंबोज ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि, “हम लंबे समय से इस अव्यवस्था के खिलाफ लड़ रहे थे। एम्स जैसे प्रतिष्ठान के कर्मचारियों द्वारा अतिक्रमण करना बेहद चौंकाने वाला है। जल्द ही इस विषय में एम्स प्रशासन से मिलकर शिकायत की जाएगी।”

स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण की वजह से पैदल चलना और यातायात दोनों ही मुश्किल हो गए थे, साथ ही आए दिन हादसे भी हो रहे थे।