खटीमा में आम के प्रसंस्करण पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, 45 महिलाओं ने सीखे स्वरोजगार के गुर

खटीमा में आम के प्रसंस्करण पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न, 45 महिलाओं ने सीखे स्वरोजगार के गुर

स्थान- खटीमा ऊधम सिंह नगर

रिपोर्ट -अशोक सरकार

नगर पालिका खटीमा सभागार में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा आयोजित पांच दिवसीय आम प्रसंस्करण प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को हुआ। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की लगभग 45 महिलाओं ने भाग लेकर स्वरोजगार की दिशा में पहला कदम बढ़ाया।

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को आम का अचार, आम पन्ना, खट्टी-मीठी चटनी, आंवला अचार, कटहल और करेला अचार सहित कई पारंपरिक व्यंजनों के प्रसंस्करण की विधियां सिखाई गईं।

समापन समारोह की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने की। इस अवसर पर मुख्य उद्यान अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि विभाग जल्द ही सात दिवसीय एक और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करेगा, जिसमें महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाओं की जानकारी और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने अपने संबोधन में कहा, “नगर पालिका क्षेत्र की महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में हर संभव सहयोग दिया जाएगा। हम ग्रामीण क्षेत्रों के साथ नगर की महिलाओं को भी सरकार की योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाएंगे।”

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों के साथ नगर पालिका कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास साबित हुआ है, जिससे अब प्रतिभागी महिलाएं छोटे स्तर पर स्वयं का व्यवसाय शुरू कर अपने परिवार की आय में योगदान दे सकेंगी।