तेज रफ्तार स्कूटी ने राहगीर को मारी टक्कर, गंभीर घायल

तेज रफ्तार स्कूटी ने राहगीर को मारी टक्कर, गंभीर घायल

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

लोहाघाट-खेतीखान मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार स्कूटी ने एक राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में फोर्ति (लोहाघाट) निवासी नरेंद्र कुमार (48 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल नरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी बेटी की शादी दो दिन पूर्व ही सम्पन्न हुई थी और वह शादी का हिसाब करने लोहाघाट आए थे। कोली झील के ऊपर मुख्य सड़क पर वह पैदल लोहाघाट की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार में आ रही गहरे नीले रंग की स्कूटी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गए।

बारिश के कारण सड़क पर कोई भी मदद के लिए मौजूद नहीं था। लगभग 20 मिनट बाद उन्हें होश आया तो सामने से आ रहे एक मैक्स वाहन के चालक ने उन्हें देखा और तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।

उपचार कर रहीं चिकित्सक डॉ. दीक्षा ने बताया कि घायल के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें चंपावत जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।

लोहाघाट थाना प्रभारी एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर चीता मोबाइल टीम को अस्पताल भेजा गया। फिलहाल थाने में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है, तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने स्कूटी सवार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर टक्कर लग भी गई थी तो उसे घायल को अस्पताल पहुंचाना चाहिए था। उन्होंने पुलिस से स्कूटी चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।