


हल्द्वानी

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज “अजय योग एवं फिटनेस सेंटर, हल्द्वानी” द्वारा एक विशेष योग शिविर का आयोजन अमर गार्डन, डहरिया में किया गया। इस शिविर में लगभग 200 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।



कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि इंस्पिरेशन स्कूल की चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, विधायक श्री सुमित हृदयेश, एसपी (सीआईडी) श्रीमती कमला बिष्ट, प्रसिद्ध एक्रो योगी अजय जी तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच हेड श्री नवीन निश्चल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।

मुख्य अतिथि डॉ. गीतिका बल्यूटिया ने अपने संबोधन में कहा कि “योग न केवल एक व्यायाम पद्धति है, बल्कि यह हमारे जीवन को संतुलित, सकारात्मक और उद्देश्यपूर्ण बनाने का शक्तिशाली साधन है। इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आत्मिक रूप से स्वस्थ रह सकता है।”



योगाचार्य अजय जी ने शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न योग आसनों और प्राणायामों का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों को विस्तारपूर्वक समझाते हुए कहा कि “योग जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में स्थिरता और ऊर्जा प्रदान करता है।”


कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन रहा, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहना के साथ देखा और प्रशंसा की।

इस अवसर पर योग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले साधकों को सम्मानित भी किया गया। योग के प्रति उनके समर्पण और अनुशासन की सराहना की गई।



इस सफल आयोजन में अजय योग एवं फिटनेस सेंटर के प्रशिक्षकों — शालिनी कंवल, दीपक, आनंद, ज्योति और गौरव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



कार्यक्रम में द्रौपदी गोयल, मनोज केसरवानी, रश्मि मर्तोलिया, विजय जयसवाल, भारती सतवाल, मनीष मर्तोलिया, गौरव मर्तोलिया, मनीष मित्तल, गुरमीत सिंह तथा विकास तिवारी समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


