स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं में बढ़ी चिंता, हल्द्वानी में एक उपभोक्ता को पांच माह बाद आया ₹2.62 लाख का बिजली बिल

स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं में बढ़ी चिंता, हल्द्वानी में एक उपभोक्ता को पांच माह बाद आया ₹2.62 लाख का बिजली बिल

हल्द्वानी

क्षेत्र में इन दिनों अत्याधुनिक स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, लेकिन इसके साथ ही बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ती जा रही है। डहरिया स्थित सीएमटी कॉलोनी निवासी भवानी राम को पांच माह बाद ₹2.62 लाख का बिजली बिल मिलने से हड़कंप मच गया।

उल्लेखनीय है कि भवानी राम के घर जनवरी में स्मार्ट मीटर लगाया गया था। पूर्व में उनका मासिक बिल करीब ₹1500 से ₹2000 तक आता था, लेकिन अब एक साथ आया बिल स्मार्ट मीटर को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है

शिकायत के बाद ऊर्जा निगम द्वारा की गई प्राथमिक जांच में सामने आया कि बिल पुराने मीटर की रीडिंग के आधार पर तैयार किया गया है। निगम और मीटर लगाने वाली एजेंसी अब पुराने मीटर की एमआरआई जांच की बात कर रहे हैं।

स्मार्ट मीटर कंपनी के अधिकारी हरीश तिवारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि 872.5 यूनिट खपत के आधार पर बिल बना है, परंतु यह भी आशंका है कि मीटर जंप करने से रीडिंग प्रभावित हुई हो।

उधर, स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद से स्मार्ट मीटर को लेकर संशय और भय की स्थिति है। कई लोग मानते हैं कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल में अनावश्यक बढ़ोतरी हो रही है।

ऊर्जा निगम ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गहन जांच कर उपभोक्ता को न्याय दिलाया जाएगा। वहीं, विशेषज्ञों का मानना है कि स्मार्ट मीटर तकनीकी रूप से सटीक होते हैं, लेकिन इंस्टॉलेशन के बाद रीडिंग ट्रांजिशन में त्रुटि से ऐसे मामले सामने आ सकते हैं।