हरिद्वार: श्यामपुर क्षेत्र में तीन अवैध मदरसे सील, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

हरिद्वार: श्यामपुर क्षेत्र में तीन अवैध मदरसे सील, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

टॉप – हरिद्वार
संवाददाता – मनोज कश्यप

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के आदेश पर शुक्रवार को श्यामपुर क्षेत्र में तीन अवैध रूप से संचालित मदरसों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की।

तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कासमिया दावत उल उलूम, इमदादिया दारूल उलूम और जामिया इस्लामिया गुजरान नामक मदरसों को सील कर दिया।

इन मदरसों को पूर्व में नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया। अधिकारियों के अनुसार ये सभी मदरसे बिना किसी वैध अनुमति, पंजीकरण या शैक्षिक मान्यता के वर्षों से संचालित हो रहे थे।

कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। छापेमारी अभियान का नेतृत्व एसडीएम जितेंद्र कुमार ने किया।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि आगे भी जिले में संचालित अन्य मदरसों की जांच की जाएगी, और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में कठोर कदम उठाए जाएंगे।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।