

नरेश तोमर

हरिद्वार

भूपतवाला स्थित कबीर आश्रम में भारतीय किसान यूनियन (चौधरी चरण सिंह) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर – किसान महाकुंभ की शुरुआत गुरुवार को हुई। शिविर के पहले दिन देशभर से आए किसान प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीतियों पर मंथन किया गया।



राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि यूनियन पूरे देश में किसान पंचायतों का आयोजन करेगी और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन प्रतिबद्ध है।



कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की सराहना करते हुए कहा,

“कृषि और किसानों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की योजनाएं प्रभावी सिद्ध हो रही हैं। भारतीय जनता पार्टी किसानों की पार्टी है और हर मोर्चे पर उनके साथ खड़ी है।”


शिविर में पहुंचे उत्तराखंड सरकार में राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए कहा कि वे न केवल किसानों के नेता थे, बल्कि एक सच्चे राष्ट्रभक्त भी थे, जिन्होंने देश की राजनीति को किसानों की दिशा दी।


किसान महाकुंभ में पहले दिन विभिन्न राज्यों से आए किसान नेताओं ने भी अपने विचार रखे। चिंतन शिविर के आगामी सत्रों में कृषि कानून, फसल बीमा, एमएसपी और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।


