उत्तराखंड पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 33 उप निरीक्षक बने निरीक्षक, नई तैनातियां भी जारी

उत्तराखंड पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 33 उप निरीक्षक बने निरीक्षक, नई तैनातियां भी जारी

उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 चयन वर्ष के अंतर्गत एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए 33 उप निरीक्षकों (SI) को निरीक्षक (Inspector) पद पर पदोन्नति दे दी है। इसके साथ ही सभी अधिकारियों की नई तैनाती/स्थानांतरण के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।

इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत द्वारा हस्ताक्षरित आदेश जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक यह पदोन्नति जनहित में की गई है और इससे पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा का संचार होगा।


राज्य के विभिन्न जिलों और विशेष इकाइयों में तैनाती
इन 33 नवपदोननत निरीक्षकों को देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़, चंपावत, चमोली, बागेश्वर, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जैसे जनपदों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इसके अलावा कुछ अधिकारियों को एसटीएफ, सतर्कता विभाग, मानवाधिकार आयोग, मुख्यमंत्री सुरक्षा दल और जीआरपी जैसी विशेष इकाइयों में भी नियुक्त किया गया है।


प्रशासनिक क्षमता में होगा इज़ाफा
पुलिस मुख्यालय का मानना है कि यह पदोन्नति व्यवस्था जिला पुलिस बलों की कार्यक्षमता बढ़ाएगी, साथ ही बेहतर नेतृत्व और जवाबदेही को भी सुनिश्चित करेगी।

यह फैसला पुलिस अधिकारियों की निष्ठा, कार्यकुशलता और सेवाकाल के आकलन के आधार पर लिया गया है।


अधिकारियों की प्रतिक्रिया:
पदोन्नत अधिकारियों ने पुलिस महानिदेशक एवं राज्य सरकार का आभार जताते हुए कहा कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे।


सूत्रों के अनुसार, पुलिस मुख्यालय निकट भविष्य में और भी पदोन्नतियाँ और स्थानांतरण आदेश जारी कर सकता है, जिससे पुलिस विभाग में नवीनता और प्रभावशीलता बनी रहे।