किच्छा में लाइनमैन की करंट से मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई, दो कर्मचारियों को किया गया सेवा मुक्त

किच्छा में लाइनमैन की करंट से मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई, दो कर्मचारियों को किया गया सेवा मुक्त

स्थान – किच्छा
रिपोर्ट-रंजीत सिंह

रविवार रात मलसा गिरधरपुर में लाइनमैन की करंट से मौत के मामले में ऊर्जा निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुरैया सबस्टेशन के ऑपरेटर अरहान और सुपरवाइजर नसीम अहमद को सेवा से मुक्त कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 48 वर्षीय शिव कुमार, निवासी शिमला पिस्तौर, जो कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से ऊर्जा निगम में लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे

, रविवार रात लगभग 7:30 बजे मलसा गिरधरपुर स्थित सत्या मेटल इंडस्ट्री में फ्यूज उड़ने की सूचना पर पहुँचे थे।

शिव कुमार ने सबस्टेशन से कॉल कर शटडाउन लिया था, लेकिन लाइन पकड़ते ही वे करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी किच्छा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी कि जांच में ऑपरेटर अरहान और सुपरवाइजर नसीम अहमद की लापरवाही सामने आई, जिस कारण उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

लापरवाही के लिए ज़ीरो टॉलरेंस: अधिकारी

उपखंड अधिकारी ने स्पष्ट किया कि लाइन स्टाफ की सुरक्षा सर्वोपरि है और शटडाउन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग ऐसे मामलों में ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है और आगे भी सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।