


स्थान – काशीपुर

रिपोर्टर -अज़ीम खान

सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की मुहिम के तहत तड़के हुई कार्रवाई, अन्य संरचनाओं को भी जारी हुए नोटिस

काशीपुर, 12 जून।
काशीपुर में सिंचाई विभाग की भूमि पर बनी एक अवैध मजार को जिला प्रशासन ने बुधवार तड़के कार्रवाई करते हुए ध्वस्त कर दिया। यह मजार नींझड़ा मालवा फार्म के समीप स्थित थी और इसे सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित पाया गया था।



एडीएम पंकज उपाध्याय ने जानकारी दी कि
“सरकारी भूमि से अवैध कब्जों को हटाने की मुहिम के तहत इस अवैध संरचना को चिन्हित किया गया था। सिंचाई विभाग द्वारा 26 मई को नोटिस जारी किया गया था, जिसकी मियाद पूरी होने के बाद यह कार्रवाई की गई।”


एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि

“कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल, सिंचाई विभाग के अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौजूद रही। संरचना को पूरी तरह समतल कर दिया गया है और वहां किसी भी प्रकार के अवशेष नहीं पाए गए।”

प्रशासन ने यह भी बताया कि काशीपुर परगना क्षेत्र में अन्य कई अवैध संरचनाएं चिन्हित की गई हैं और उन्हें नोटिस जारी कर दिए गए हैं।



यह उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने राज्य में अवैध मजारों, मदरसों और अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। सीएम धामी ने कहा है कि

“सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उत्तराखंड के ‘देवभूमि स्वरूप’ को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।”



