चंपावत: बाराकोट पार्किंग निर्माण में देरी से व्यापारी नाराज़, ठेकेदार पर धमकाने का आरोप

चंपावत: बाराकोट पार्किंग निर्माण में देरी से व्यापारी नाराज़, ठेकेदार पर धमकाने का आरोप

स्थान:चंपावत
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

जाम की स्थिति से जनजीवन प्रभावित, बरसात में स्टेट बैंक शाखा में पानी घुसने का खतरा

बाराकोट (चंपावत), 12 जून।
चंपावत जिले के बाराकोट बाजार में पार्किंग न होने से लंबे समय से यातायात अव्यवस्था और जाम की समस्या बनी हुई है। क्षेत्रवासियों की मांग पर शासन ने पार्किंग स्थल निर्माण को मंजूरी दी, जिसके बाद सीएनडीएस (Construction and Design Services) द्वारा कार्य शुरू किया गया।

लेकिन निर्माण कार्य में अनियमितता और लापरवाही को लेकर अब व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि

“पार्किंग का कार्य दो दिन चलता है, फिर हफ्तों तक बंद रहता है। इससे बाजार में लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है और लोगों को काफी परेशानी हो रही है।”

जल संस्थान की पाइपलाइनों को नुकसान पहुंचने का भी आरोप है। व्यापारियों ने बताया कि निर्माण स्थल से गुजरने वाली पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे भीषण गर्मी में जल संकट की स्थिति बन गई है।

ठेकेदार पर धमकी देने का आरोप

व्यापारियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि

“जब विभाग से काम तेज़ करने की मांग की गई तो निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार द्वारा स्थानीय लोगों को धमकाया गया।

बरसात में स्टेट बैंक को खतरा

व्यापारियों ने बताया कि बरसात शुरू हो चुकी है, और पार्किंग स्थल पर नालियों की व्यवस्था अधूरी है। इससे स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में बारिश का पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है।

व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण किया जाए और कार्य को प्रतिदिन सुचारू रूप से कर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि

“यदि जल्द कार्य में तेजी नहीं आई तो जिलाधिकारी चंपावत के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा और आंदोलन की राह अपनाई जाएगी।”