


625 फीट की ऊंचाई तक पहुंचा था विमान, फिर हुआ भीषण विस्फोट | PM मोदी ने जताया दुख, राहत कार्य जारी

अहमदाबाद
अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का B787 ड्रीमलाइनर विमान टेकऑफ के केवल 5 मिनट बाद ही रिहायशी इलाके मेघाणी नगर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा गुरुवार दोपहर 1:38 बजे हुआ जब फ्लाइट संख्या AI171 ने रनवे 23 से उड़ान भरी थी।



विमान में 2 पायलट, 10 केबिन क्रू और 242 यात्री सवार थे। DGCA द्वारा जारी ADS-B डेटा के अनुसार, विमान अधिकतम 625 फीट की बैरोमेट्रिक ऊंचाई तक पहुंचा था और इसके बाद -475 फीट प्रति मिनट की वर्टिकल स्पीड के साथ अचानक नीचे गिरने लगा। क्रैश की वीडियो फुटेज भी सामने आई है, जिसमें विमान को नीचे गिरते और ज़ोरदार विस्फोट के साथ ध्वस्त होते हुए देखा जा सकता है।


ATC कॉल्स का जवाब नहीं मिला
रिपोर्ट के अनुसार, टेकऑफ के तुरंत बाद विमान ने एटीसी को ‘मेडे कॉल’ दी, लेकिन इसके बाद किए गए किसी भी कॉल का जवाब विमान से नहीं मिला। कुछ ही क्षणों में विमान एक रिहायशी इलाके में जा गिरा। हादसे के बाद पूरे इलाके में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।


PM मोदी और अमित शाह ने लिया घटनास्थल का जायजा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे को “हृदयविदारक” बताते हुए दुख प्रकट किया और नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से संपर्क कर राहत कार्यों की जानकारी ली। मंत्री अहमदाबाद रवाना हो गए हैं और राहत कार्यों की सीधी निगरानी कर रहे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह भी अहमदाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। प्रधानमंत्री ने सभी संबंधित एजेंसियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।


NDRF और स्थानीय टीमें राहत में जुटीं
गांधीनगर से NDRF की तीन टीमें, जिनमें 90 कर्मी शामिल हैं, घटनास्थल पर भेजी गई हैं। वडोदरा से भी अतिरिक्त राहत टीमें रवाना की गई हैं। DGCA, DAW और FOI अधिकारी पहले से अहमदाबाद में मौजूद थे और उन्होंने तत्काल जांच शुरू कर दी है।



हेल्पलाइन नंबर जारी:
- 011-24610843
- 9650391859
(परिजन इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं)
विमान से संबंधित विवरण:
- फ्लाइट नंबर: AI171
- गंतव्य: लंदन (गैटविक)
- टेकऑफ: 1:38 PM, अहमदाबाद
- कुल लोग सवार: 252
- विमान मॉडल: Boeing 787 Dreamliner
- पायलट: कैप्टन सुमीत सभरवाल, फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर



