लोहाघाट: 9 माह बाद भी नहीं बना लोहावती नदी की बह चुकी पुलिया, ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कत

लोहाघाट: 9 माह बाद भी नहीं बना लोहावती नदी की बह चुकी पुलिया, ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कत

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

राय नगर चौड़ी, खूना बलाई व पंप हाउस को जोड़ने वाली पुलिया निर्माण को लेकर प्रशासन मौन, ग्रामीणों में नाराज़गी

लोहाघाट, 12 जून।
लोहाघाट नगर की पेयजल आपूर्ति और ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण चौड़ी पंप हाउस मार्ग पर स्थित लोहावती नदी पर बनी पुलिया बीते वर्ष तेज बारिश और नदी के उफान में बह गई थी।

लेकिन 9 महीने बीत जाने के बाद भी प्रशासन द्वारा पुलिया का पुनर्निर्माण शुरू नहीं किया गया है, जिससे राय नगर चौड़ी, खूना बलाई और अन्य इलाकों के स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

राय नगर चौड़ी के पूर्व ग्राम प्रधान भैरव दत्त राय ने बताया कि

“यह पुलिया न केवल ग्रामीणों बल्कि कॉलेज जाने वाले छात्रों, चारा-पत्ती लाने वाली महिलाओं, और जल संस्थान के कर्मचारियों के लिए जीवन रेखा जैसी है। इसके अभाव में लोगों को नदी पार करते समय जान जोखिम में डालनी पड़ रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि मानसून शुरू होने पर, जब कोली झील से अतिरिक्त पानी छोड़ा जाएगा, तो लोहावती नदी का जलस्तर और बढ़ेगा, जिससे आवाजाही पूरी तरह बाधित हो जाएगी और दुर्घटना का खतरा भी बना रहेगा।

राय ने बताया कि इस पुलिया के निर्माण की मांग को लेकर प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र पुलिया निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की है ताकि बरसात में जनजीवन प्रभावित न हो और ग्रामीणों को सुरक्षित व निर्बाध आवागमन मिल सके।