


रिपोर्टर – सुनील सोनकर

पर्यटक हुए परेशान, बैरियर के दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतारें, पालिका अध्यक्ष मौके पर पहुंचीं

मसूरी, 12 जून।
पर्यटन नगरी मसूरी के माल रोड पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब नगर पालिका द्वारा संचालित पिक्चर पैलेस बैरियर पर तैनात पीआरडी जवान ने एक स्थानीय युवक को थप्पड़ मार दिया।



घटना के विरोध में स्थानीय लोगों और पीड़ित युवक ने बैरियर पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया।
इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और देश-विदेश से आए पर्यटक परेशान हो गए।



प्रदर्शनकारियों की मांग है कि संबंधित पीआरडी जवान को मौके पर लाया जाए और युवक से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए। उनका कहना है कि जब तक माफी नहीं मिलेगी, जाम नहीं खोला जाएगा।


घटना की सूचना मिलने पर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी भी मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रही हैं।

वहीं पर्यटक और आम नागरिक घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई।


स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंच सकता है। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी था और बातचीत के प्रयास जारी हैं।



