


भाई का नाम बदलकर कराया गया विवाह, बनभूलपुरा थाने में तहरीर, जांच में जुटी पुलिस

हल्द्वानी, 12 जून।
शहर में जबरन धर्म परिवर्तन और फर्जी पहचान पत्रों के सहारे विवाह कराने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भोलानाथ गार्डन निवासी ज्योति अग्रवाल ने बनभूलपुरा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके भाई सागर अग्रवाल को एक युवती ने प्रेमजाल में फंसाकर उसका धर्म परिवर्तन कराया और फर्जी दस्तावेजों के जरिए शादी कर ली।



ज्योति ने बताया कि युवती फरहीन, जो कथित रूप से आधार कार्ड बनाने का कार्य करती है, ने उसके भाई पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव बनाया। आरोप है कि इसके बाद सागर ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनवाकर अपना नाम सैम अली पुत्र मुन्ना करवा लिया।



शिकायत के अनुसार, वर्ष 2021 में सागर उर्फ सैम अली का मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह और बाद में कोर्ट मैरिज करवा दी गई। जब इस पूरे मामले की जानकारी ज्योति को मिली तो उसने उपजिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत की, जिसके चलते उसे धमकियां भी मिलीं।

ज्योति ने आगे आरोप लगाया कि वह जब बनभूलपुरा थाने शिकायत की जानकारी लेने पहुंची, तो सागर और फरहीन ने वहां पर ही उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। बाद में वह जब दस्तावेज लाने बाहर गई, तब भी उसे डराया गया कि शिकायत वापस न ली तो अंजाम भुगतने होंगे।

ज्योति अग्रवाल ने बनभूलपुरा पुलिस को सागर के पुराने और कथित फर्जी दस्तावेज सौंपते हुए मांग की है कि धर्म परिवर्तन, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, जबरन विवाह और धमकी देने के मामलों में आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए।


थानाध्यक्ष, बनभूलपुरा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। सभी दस्तावेजों की सत्यता की पुष्टि के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले पर हिंदूवादी संगठनों ने भी नाराजगी जताई है। हिंदूवादी नेता विपिन पांडे ने कहा कि,
“देवभूमि में इस प्रकार के कृत्य को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।”



