उत्तरकाशी में कांग्रेस का जनाक्रोश रैली, डीएम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन

उत्तरकाशी में कांग्रेस का जनाक्रोश रैली, डीएम कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन

रिपोर्ट : दीपक नौटियाल
सथन : उत्तरकाशी

जिला मुख्यालय में सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और जर्जर सड़कों को लेकर जनाक्रोश रैली निकाली। रैली के अंत में कार्यकर्ताओं ने जिला अधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उत्तरकाशी जिले में सरकारी तंत्र पूरी तरह भ्रष्टाचार की चपेट में है। किसी भी विभाग में बिना रिश्वत के कोई काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल रेफर सेंटर में तब्दील हो चुके हैं, जहां गंभीर मरीजों को देहरादून या ऋषिकेश भेजा जाता है, जिससे कई बार जानमाल की हानि हो जाती है।

सड़कों की हालत बदतर, ग्रामीण बेहाल
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जिले की सड़कों की हालत बेहद खराब है। गांवों को जोड़ने वाली अधिकांश सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

‘भ्रष्टाचार पर चुप्पी साधे बैठी है सरकार’
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार और जिला प्रशासन इन गंभीर मुद्दों पर मूकदर्शक बना हुआ है। “जनता बेहाल है और सरकार केवल भाषणों तक सीमित है,” — यह आरोप भी प्रदर्शन के दौरान लगाए गए।

युवाओं में भी दिखा आक्रोश
रैली में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता भी शामिल हुए, जिन्होंने स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि जिला प्रशासन को शीघ्र इन मुद्दों पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, वरना कांग्रेस उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।