सिरोली गांव में गुलदार का आतंक, एक व्यक्ति की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश

सिरोली गांव में गुलदार का आतंक, एक व्यक्ति की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश

रिपोर्ट–भगवान सिंह

पौड़ी (चौबट्टाखाल)

विकासखंड एकेश्वर के सिरोली गांव में गुलदार ने एक ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया। मंगलवार देर शाम घात लगाकर किए गए हमले में गांव का एक व्यक्ति गुलदार का शिकार बन गया। घटना के बाद से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, व्यक्ति का शव गांव से कुछ दूरी पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर पाए गए, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमला बेहद भयावह था।

घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उन्हें ग्रामीणों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की लापरवाही के चलते गुलदार अब मानव बस्तियों में हमला करने लगा है।

गुलदार को मारने की उठी मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल गुलदार को शूट करने की अनुमति (शूट ऑर्डर) देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि वन विभाग ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

दहशत का माहौल
घटना के बाद गांव में डर का माहौल है। लोग बच्चों और मवेशियों को अकेले बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गुलदार को पकड़ा या मारा नहीं जाता, तब तक वे खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे।