लोहाघाट उपजिला चिकित्सालय में जन औषधि केंद्र की मनमानी, समय पर नहीं खुलता केंद्र, मरीज परेशान

लोहाघाट उपजिला चिकित्सालय में जन औषधि केंद्र की मनमानी, समय पर नहीं खुलता केंद्र, मरीज परेशान

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

सरकार द्वारा आमजन को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी सरकारी अस्पतालों में जन औषधि केंद्र स्थापित किए गए हैं, लेकिन लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में जन औषधि केंद्र की व्यवस्थाएं मरीजों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रहीं।

सोमवार को अस्पताल में भारी भीड़ देखी गई, लेकिन जन औषधि केंद्र सुबह 10 बजे तक बंद रहा, जबकि अस्पताल का निर्धारित समय सुबह 8 बजे का है। केंद्र के बाहर दूर-दराज से आए मरीज, बुजुर्ग और महिलाएं पर्चे हाथ में लिए घंटों इंतजार करते नजर आए

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जन औषधि केंद्र संचालक द्वारा कभी भी समय पर केंद्र नहीं खोला जाता है। समय पर दवाएं न मिलने के कारण कई मरीजों को मजबूरी में बाहर से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती हैं, तो कई बिना दवा लिए ही लौट जाते हैं

लोगों ने बताया कि यह समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और सीएमओ चंपावत से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) चंपावत डॉ. देवेश चौहान ने इस लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई है। दोनों अधिकारियों ने जन औषधि केंद्र संचालक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है और आश्वासन दिया है कि मरीजों को होने वाली असुविधा को गंभीरता से लिया जाएगा।

स्थानीय जनता की मांग है कि जन औषधि केंद्र के संचालन की नियमित निगरानी की जाए और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजना का लाभ वास्तव में आमजन तक पहुंच सके।