

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी


ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भाजपा की तिरंगा शौर्य यात्रा के बाद अब कांग्रेस भी देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए आगे आई है। इसी कड़ी में कांग्रेस आज ‘जय हिन्द रैली’ का आयोजन करने जा रही है। रैली को लेकर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बिन्दुखत्ता क्षेत्र में जनसंपर्क किया और लोगों से बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की।



पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों से संवाद करते हुए कहा कि जय हिन्द रैली एक राष्ट्रीय उदघोष है, जो देश की एकता और संघर्षों को समर्पित है। उन्होंने बताया कि यह रैली देश के 10 शहरों में एक साथ आयोजित हो रही है, जिसमें आज़ादी के बाद से अब तक किए गए सभी संघर्षों की भावना को नमन किया जाएगा।



हरीश रावत ने कहा, “आज हमें एकजुट होकर अपने अधिकारों, संविधान, तिरंगे और सेनाओं के सम्मान की रक्षा के लिए आगे आना होगा। जय हिन्द सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि भारत की विविधता में एकता का प्रतीक है।”



कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के पूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि सेना का सम्मान हर देशवासी का कर्तव्य है और कांग्रेस हमेशा सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए खड़ी रही है।





