
लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

भारतीय सेना के अदम्य साहस और पराक्रम को नमन करते हुए भारतीय जनता पार्टी बिन्दुखत्ता मण्डल द्वारा गुरुवार को भव्य तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों, युवाओं और क्षेत्रवासियों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर भाग लिया।


यह सम्मान यात्रा बिन्दुखत्ता शहीद स्मारक से प्रारंभ होकर कार रोड मुख्य बाजार तक निकाली गई। इस दौरान देश प्रेमियों ने हाथों में तिरंगा थामे “भारत माता की जय”, “वीर जवान अमर रहें” जैसे जोशीले नारों के साथ देशभक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया।

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को किया गया समर्पित
इस तिरंगा यात्रा का आयोजन भारतीय सेना के ऐतिहासिक ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के सम्मान में किया गया। यह ऑपरेशन भारतीय सैनिकों की वीरता, कुशलता और देशभक्ति का प्रतीक रहा है। यात्रा के माध्यम से वीर सैनिकों के बलिदान को स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में युवा भाजपा नेता दीपेन्द्र कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा, “देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले हमारे जवान ही असली नायक हैं। ऑपरेशन सिंदूर जैसे मिशन हमारे सैनिकों की बहादुरी और समर्पण का परिचायक हैं। आज की यात्रा उनका गौरवगान है।”


भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे शामिल
यात्रा में भाजपा बिन्दुखत्ता मण्डल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पूर्व सैनिक, छात्र, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए कार्य कर रहे जवानों के सम्मान में तिरंगा लहराते हुए एकता और शौर्य का संदेश दिया।


“यह यात्रा सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह हमारे जवानों के प्रति आभार और गर्व की अभिव्यक्ति है,” — स्थानीय भाजपा पदाधिकारी


