मसूरी-देहरादून मार्ग पर भीषण हादसा: कार खाई में गिरने से दो युवकों की मौत, एक ने कूदकर बचाई जान

मसूरी-देहरादून मार्ग पर भीषण हादसा: कार खाई में गिरने से दो युवकों की मौत, एक ने कूदकर बचाई जान

रिपोर्ट : सुनील सोनकर
स्थान : मसूरी

मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गलोगी पावर हाउस के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक ने कार से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। हादसा देर रात हुआ जब तीन युवक मसूरी से देहरादून लौट रहे थे और अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

घटना की जानकारी मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सीओ मसूरी मनोज असवाल के नेतृत्व में रात्रि 1 बजे से सुबह 6 बजे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में गहरी खाई से दोनों मृतकों के शवों को निकाला गया। अंधेरा और खाई की गहराई के चलते रेस्क्यू टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

सीओ मनोज असवाल ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे। हादसे के वक्त आयुष्मान नामक युवक ने कार से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई और पुलिस को मोबाइल के माध्यम से सूचना दी। मृतकों की पहचान सौरभ त्रिखा पुत्र सुभाष त्रिखा और कार्तिक त्रिखा पुत्र स्वर्गीय कैलाश त्रिखा निवासी सेवक आश्रम रोड, देहरादून के रूप में हुई है। तीनों युवक आपस में रिश्तेदार थे और मसूरी घूमने आए थे।

मसूरी फायर ऑफिसर धीरज ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन में अंधेरे और दुर्गम स्थल के कारण टीम को शव निकालने में काफी समय लग गया। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच की जा रही है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना मिलते ही घायल आयुष्मान के पड़ोसी और उनके पिता मौके पर पहुंचे। परिजन घटना से बेहद स्तब्ध हैं। बताया जा रहा है कि तीनों युवक आपस में चचेरे भाई थे—एक चाचा का बेटा और दूसरा ताऊ का। आयुष्मान को गंभीर हालत में देहरादून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन ने जताया शोक, जांच जारी
प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतकों के प्रति गहरा शोक जताया है और परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को रेखांकित करता है।