नेपाल से लौटते ही इनामी बदमाश गिरफ्तार, चाय विक्रेता पर लूट और जानलेवा हमले का था आरोप

नेपाल से लौटते ही इनामी बदमाश गिरफ्तार, चाय विक्रेता पर लूट और जानलेवा हमले का था आरोप

स्थान – सितारगंज
रिपोर्टर – भूपेंद्र सिंह पन्नू

नेपाल में फरारी काट रहे एक इनामी बदमाश को लौटते ही पुलिस ने धर दबोचा और जेल भेज दिया। आरोपी पर चाय विक्रेता से लूट और उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने का आरोप है। इस प्रकरण में अब तक दो बदमाश गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार है।

पीड़ित गुड्डू सक्सेना पुत्र पूरनलाल द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 1 जनवरी की है जब उसके भाई राकेश कुमार की पीलीभीत बाईपास स्थित चाय की दुकान पर तीन बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने कुल्हाड़ी से राकेश के सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और गल्ले में रखे ₹3000, मोबाइल फोन और पैन कार्ड लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने लगभग 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर जांच की, जिसमें तीन आरोपियों – विकास पाल उर्फ मुर्गा, रोहित पाल और चेतन बिष्ट की पहचान हुई। मामले में पहली गिरफ्तारी 4 फरवरी को हुई जब सिडकुल चौकी प्रभारी दीपक कौशिक ने मुठभेड़ के दौरान विकास पाल को गिरफ्तार किया।

सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि घटना के बाद आरोपी रोहित पाल नेपाल भाग गया था, जिसे पुलिस लगातार ट्रैक कर रही थी। 20 मई को उसे शक्ति फार्म चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्त से लूटा गया पैन कार्ड भी बरामद कर लिया है।

वरिष्ठ उपनिरीक्षक विक्रम सिंह धामी ने बताया कि इस प्रकरण में अब तक दो बदमाश गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि तीसरा आरोपी चेतन बिष्ट अभी फरार है। तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और उन्होंने नशे की लत पूरी करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया

पुलिस का कहना है कि चेतन बिष्ट की तलाश जारी है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी।