


रिपोर्ट – भगवान मेहरा
स्थान- कालाढूंगी

क्षेत्र में हुई पहली प्री-मानसून बारिश ने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी है। चकलुवा गांव में बरसाती नाले के पानी का उचित डायवर्जन न होने के कारण खेतों में पानी भर गया, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं। इसके अलावा कालाढूंगी-रामनगर हाईवे पर स्थित अस्थायी वैली ब्रिज भी कमजोर हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ गई है।



मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम परितोष वर्मा ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर पुल का निरीक्षण किया।



निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि मानसून से पहले पुल के नीचे सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य पूरा किया जाए, ताकि बाढ़ की स्थिति में पुल को नुकसान न पहुंचे।


एसडीएम वर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम में नाले में तेज बहाव से पुल को खतरा रहता है। इसके लिए सुरक्षात्मक उपायों की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि बरसाती नाले के पानी को जंगल की ओर डायवर्ट करने के लिए वन विभाग से समन्वय किया जा रहा है।


स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते सभी सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि आगामी बारिश में और अधिक नुकसान से बचा जा सके।




