
स्थान – नैनीताल
रिपोर्ट – ललित जोशी
सरोवर नगरी नैनीताल देशभक्ति के रंग में उस समय सराबोर हो गई जब “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मंडल के नेतृत्व में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।


इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


यात्रा की शुरुआत ऐतिहासिक पंडित गोविंद बल्लभ पंत पार्क से हुई और यह तल्लीताल स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा तक भारत माता की जय, वंदे मातरम् और भारतीय सेना ज़िंदाबाद जैसे गगनभेदी नारों के साथ सम्पन्न हुई। तिरंगा लहराते हुए लोगों का जोश देखते ही बनता था।


इस अवसर पर नैनीताल की विधायक सरिता आर्य, राज्य मंत्री शांति मेहरा, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता—विकास जोशी, आनंद बिष्ट, मनोज जोशी, कैलाश मिश्रा, भूपेंद्र बिष्ट, मनोज जगाती और भगवत रावत भी यात्रा में सम्मिलित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे और आम लोग शामिल हुए, जिनकी उपस्थिति ने इसे एक जनआंदोलन का स्वरूप दे दिया।

यह यात्रा ना केवल देशभक्ति का प्रतीक बनी, बल्कि “ऑपरेशन सिंदूर” के माध्यम से देश की सैन्य शक्ति और सुरक्षा बलों के पराक्रम को भी सम्मान देने का सशक्त माध्यम बनी।


