पौड़ी में अवैध रूप से छोड़े गए आवारा पशु, नगर निगम श्रीनगर पर आरोप, सभासदों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

पौड़ी में अवैध रूप से छोड़े गए आवारा पशु, नगर निगम श्रीनगर पर आरोप, सभासदों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट – भगवान सिंह
स्थान – पौड़ी गढ़वाल

नगर पालिका परिषद पौड़ी के वार्ड नंबर 11 गडोली में अवैध रूप से दर्जनों आवारा पशु छोड़े जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीती 19 मई की रात 12:00 बजे से 2:00 बजे के बीच, नगर निगम श्रीनगर के दो वाहनों—एक यूटिलिटी वाहन और एक फुल बॉडी ट्रक—द्वारा दर्जनों पशुओं को जबरन छोड़े जाने का मामला सामने आया है।

स्थानीय लोगों ने किया विरोध, कर्मचारियों ने नहीं मानी बात

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब नगर निगम श्रीनगर के कर्मचारी वार्ड में आवारा पशु छोड़ रहे थे, तब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, लेकिन कर्मचारियों ने जबरदस्ती पशुओं को वार्ड में छोड़ दिया। घटना से स्थानीय लोगों और सभासदों में आक्रोश फैल गया है।

ज्ञापन सौंप, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

सोमवार को नगर पालिका परिषद पौड़ी के सभासदों और क्षेत्रीय जनता ने एडीएम पौड़ी अनिल गर्ब्याल को ज्ञापन सौंपा, जिसमें नगर निगम श्रीनगर के जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ निलंबन और कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही यह भी मांग की गई कि छोड़े गए सभी पशुओं को दोबारा श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में वापस ले जाया जाए।

आंदोलन की चेतावनी

सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो नगरवासी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

जांच के आदेश

एडीएम अनिल गर्ब्याल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम श्रीनगर को जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उपस्थित लोग:

इस मौके पर सभासद गौरव सागर, प्रदीप असवाल, अरविंद रावत, युद्धवीर सिंह रावत, शुभम रावत सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।