

स्थान : देहरादून

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद राज्य को देश का प्रमुख फिल्म निर्माण केंद्र बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने देहरादून के हल्दूवाला स्थित बॉर्डर 2 के सेट पर प्रसिद्ध अभिनेता सनी देओल और फिल्म निर्देशक अनुराग सिंह से मुलाकात की। इस अवसर पर परिषद के संयुक्त सीईओ डॉ. नितिन उपाध्याय भी मौजूद रहे।


बैठक के दौरान उत्तराखंड की प्रगतिशील फिल्म नीति, लोकेशन की विविधता और राज्य सरकार द्वारा प्रदान किए जा रहे प्रशासनिक सहयोग पर विस्तृत चर्चा हुई। बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बनाई गई फिल्म नीति को देश की सबसे अनुकूल और फिल्म-निर्माता-हितैषी नीति के रूप में देखा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि फिल्म यूनिट को यहां एक सकारात्मक, सहज और सहयोगी माहौल मिल रहा है, जिससे उत्तराखंड एक सशक्त और पसंदीदा शूटिंग गंतव्य बनकर उभर रहा है। सनी देओल भी उत्तराखंड में मिल रही सुविधाओं से खासे उत्साहित नजर आए।


बॉर्डर 2: युद्ध पर आधारित भव्य फिल्म
बॉर्डर 2 का निर्माण जेपी दत्ता, निधि दत्ता और टी-सीरीज़ के बैनर तले किया जा रहा है। इस फिल्म के निर्देशक केसरी फेम अनुराग सिंह हैं और इसमें सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और आहान शेट्टी जैसे प्रमुख कलाकार हैं। फिल्म 1971 के भारत-पाक युद्ध पर आधारित है और इसके लिए हल्दूवाला क्षेत्र में कश्मीर के गांव जैसा एक भव्य सेट तैयार किया गया है।

प्रोड्यूसर बिनोय गांधी ने बताया कि सेट निर्माण की शुरुआत नवंबर 2023 में हुई थी और इसमें युद्ध के दृश्यों, टैंक मूवमेंट और सेना की कार्रवाई जैसे दृश्य शामिल हैं। फिल्म में एक्शन डायरेक्शन रवि वर्मा और आर्ट डायरेक्शन मयूर शर्मा द्वारा किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट से रोज़ाना करीब 350 स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा है।

उत्तराखंड में फिल्मी हलचल जोरों पर
वर्तमान में उत्तराखंड में कई बड़ी फिल्मों की शूटिंग जारी है। गिन्नी वेड्स सनी 2 की शूटिंग देहरादून में चल रही है जिसमें अविनाश तिवारी, मेधा शंकर, गोविंद नामदेव और सुधीर पांडे जैसे कलाकार शामिल हैं। वहीं उत्तर दा पुत्तर नामक एक कॉमेडी सटायर फिल्म की शूटिंग देहरादून और ऋषिकेश में हो रही है, जिसमें अन्नू कपूर, पवन मल्होत्रा और बिजेंद्र काला जैसे अभिनेता नजर आएंगे।


इसके साथ ही, उत्तराखंडी भाषा में बनी मारचा, तेरी माया और नमक जैसी फिल्मों की शूटिंग देहरादून, टिहरी और उत्तरकाशी में हो रही है। राज्य सरकार की पहल पर इन फिल्मों को तकनीकी संसाधन, वित्तीय प्रोत्साहन और स्थानीय सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय सिनेमा को नया जीवन मिल रहा है।
फिल्म निर्माण की मंज़ूरी में उत्तराखंड सबसे आगे
वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड सरकार ने अब तक 225 शूटिंग अनुमतियाँ जारी की हैं। इस दौरान कई प्रमुख हिंदी फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग भी उत्तराखंड में पूरी की जा चुकी है, जिनमें विकी विद्या का वो वाला वीडियो, तिकड़म, दो पत्ती, पुतुल, रौतू का राज, तन्वी द ग्रेट, पास्ट टेंस, केसरी 2 और मेरे हसबैंड की बीवी शामिल हैं।

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद राज्य को एक ऐसा फिल्म डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में प्रतिबद्ध है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य, संस्कृति, तकनीक और प्रशासनिक सहयोग का अनूठा संगम फिल्म निर्माताओं को असाधारण अनुभव प्रदान करता है।



