

स्थान : सितारगंज
रिपोर्ट : तनवीर अंसारी


पाकिस्तान में भारतीय सेना द्वारा की गई सफल सैन्य कार्रवाई ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सोमवार को नगर में देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश करते हुए एक भव्य तिरंगा शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय सेना के अदम्य साहस और पराक्रम को सम्मानित करना था।



तिरंगा यात्रा की अगुवाई भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर की। यात्रा का शुभारंभ महाराणा प्रताप चौराहे से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए मुख्य चौक और फिर तिरंगा चौक पहुंचकर संपन्न हुई।



इस दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय”, “भारतीय सेना जिंदाबाद” और “हिंदुस्तान जिंदाबाद” जैसे नारे लगाते हुए देश के वीर जवानों को सम्मान अर्पित किया। तिरंगा चौक पर राष्ट्रीय गान के साथ यात्रा का समापन किया गया।



कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के संगठन गौरव सेनानी संगठन के अध्यक्ष कैप्टन आत्मा सिंह सहित भाजपा के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भारत अब आतंकवाद को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। सेना का यह पराक्रम आतंक के खिलाफ देश की नीति को दर्शाता है।

भाजपा नेताओं ने भी इस अवसर पर कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और भारतीय सेना हर मोर्चे पर देश की सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है। तिरंगा यात्रा ने नगरवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और प्रबल किया।

यह आयोजन न सिर्फ भारतीय सेना के लिए सम्मान था, बल्कि देशवासियों के एकजुट होकर देश की रक्षा में सेना के साथ खड़े होने का संदेश भी था।



