

स्थान : चंपावत
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट


एसपी चंपावत अजय गणपति के दिशा-निर्देश पर चलाए जा रहे नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत जिले की पाटी थाना पुलिस और एसओजी टीम को नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चरस तस्करी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।


एसपी अजय गणपति ने प्रेस वार्ता में बताया कि 19 मई को पाटी थाना क्षेत्र के किमाड़ीधार मोड़ (लोहाघाट रोड) पर चेकिंग अभियान के दौरान अपाचे बाइक में सवार दो युवकों को रोका गया। तलाशी लेने पर बाइक सवार अशोक चंद्र भट्ट (22), निवासी ग्राम तलमाटा (बिरगुल), के बैग से 2.520 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।


बाइक पर सवार दूसरा युवक, दीपक भट्ट पुत्र पान देव भट्ट, जो उसी गांव का रहने वाला है, पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।


पूछताछ में आरोपी अशोक ने बताया कि बेरोजगारी के चलते उसका चचेरा भाई दीपक उसे लालच देकर तस्करी में लाया था। चरस को दीपक के घर पर तैयार किया जाता था और यह नशा पदार्थ उत्तर प्रदेश, हल्द्वानी, जोड़ मेला रीठा साहिब और देवीधुरा मेले में ऊंचे दामों में बेचा जाता था।

गिरफ्तार आरोपी से पुलिस ने 2.520 किलोग्राम चरस, एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक एप्पल आईफोन और ₹3500 नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस अब दोनों युवकों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।


एसपी चंपावत अजय गणपति ने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। कई तस्करों को जेल भेजा जा चुका है और अवैध भांग की खेती को भी नष्ट किया जा रहा है। उन्होंने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि “समय पर सुधर जाओ, वरना जेल के दरवाजे खुले हैं।”


चरस तस्कर को पकड़ने वाली टीम की सराहना करते हुए एसपी ने पुलिस व एसओजी टीम की पीठ थपथपाई है। पुलिस की इस कार्रवाई से जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान को और बल मिला है।


