भाजपा ने चंपावत को मॉडल जिला बनाने की योजना पर की चर्चा

भाजपा ने चंपावत को मॉडल जिला बनाने की योजना पर की चर्चा

स्थान : चंपावत
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट

उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष देशराज कर्नवाल ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत की अध्यक्षता में आयोजित इस वार्ता में भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री देशराज कर्नवाल ने कहा कि आने वाले दस वर्ष उत्तराखंड के लिए बेहद निर्णायक होंगे और चंपावत जनपद विकास की दृष्टि से एक उदाहरण बनेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू कर डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार किया है।

देशराज कर्नवाल ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें महिलाओं सहित समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चल रही हैं और समाज कल्याण विभाग की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने चंपावत जिले को मॉडल जिला के रूप में विकसित करने की योजना की समीक्षा की और इस दिशा में आगे ठोस कार्य करने की बात कही।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि खिरद्वारी क्षेत्र में अनुसूचित जाति बहुल इलाके में ₹50 लाख की लागत से एक सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा रहा है, जो स्थानीय लोगों के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होगा।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, सुनील पुनेठा, प्रेमा चिल्कोटी, सूरज प्रहरी, हरीश पांडे, ललित देऊपा, आनंद सिंह अधिकारी, प्रकाश पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देशराज कर्नवाल ने अंत में कहा कि भाजपा सरकार जनसरोकारों के लिए प्रतिबद्ध है और विकास के हर मोर्चे पर ईमानदारी से कार्य कर रही है।