हरिद्वार: 6 साल की मासूम के साथ दरिंदगी, रेलवे टनल के पास मिला क्षत-विक्षत शव

हरिद्वार: 6 साल की मासूम के साथ दरिंदगी, रेलवे टनल के पास मिला क्षत-विक्षत शव

हरिद्वार

शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहाँ 6 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी के बाद उसका शव रेलवे टनल के पास क्षत-विक्षत हालत में मिला है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और जनता में आक्रोश का माहौल है।

अपहरण की रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ घंटे बाद मिला शव
गुरुवार देर शाम बच्ची के पिता ने नगर कोतवाली हरिद्वार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने अपने ही एक परिचित सूरज पर बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था। इस शिकायत पर पुलिस ने तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

शुक्रवार सुबह मिला शव, पुलिस महकमे में हड़कंप
शुक्रवार सुबह रेलवे टनल के पास बच्ची का शव मिलने के बाद एसएसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की बारीकी से जांच की। शव की स्थिति को देखकर संभावना जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दरिंदगी की गई है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।

आरोपी सूरज की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मुख्य आरोपी सूरज की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पीड़ित परिवार की पृष्ठभूमि
बच्ची का परिवार और आरोपी दोनों झुग्गी-झोपड़ी में रहते हैं और कूड़ा बीनने का काम करते हैं। बच्ची के माता-पिता के अनुसार, सूरज पहले से परिवार के संपर्क में था और बच्ची को अक्सर टॉफी आदि देने के बहाने बुलाता था।