

देहरादून

सचिन कुमार

तिरंगा सम्मान यात्रा के सफल आयोजन के बाद अब उत्तराखंड भाजपा प्रदेशभर में ‘सिंदूर सम्मान यात्रा’ का आयोजन करने जा रही है। इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय सैनिकों के बलिदान और शौर्य को सम्मान देना है।


भाजपा द्वारा प्रदेश की महिलाओं से आह्वान किया जाएगा कि वे इस यात्रा में एकजुट होकर सहभागिता निभाएं और देश की रक्षा में लगे जवानों को सम्मान अर्पित करें।



यह यात्रा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से प्रेरित बताई जा रही है, जिसके तहत भारत ने पाकिस्तान पर कड़ा प्रहार किया था। इस अभियान में भारतीय सैनिकों की अहम भूमिका रही थी। अब उन्हीं वीर जवानों को समर्पित करते हुए भाजपा यह विशेष सम्मान यात्रा आयोजित कर रही है।

यात्रा का आयोजन ब्लॉक स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक किया जाएगा, जिसमें भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस अभियान के माध्यम से देशभक्ति की भावना को और सशक्त किया जाएगा तथा महिलाओं की भागीदारी को भी केंद्र में रखा जाएगा।

भाजपा नेतृत्व का कहना है कि ‘सिंदूर सम्मान यात्रा’ केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की रक्षा करने वाले हर जवान के सम्मान में एक जनआंदोलन होगा, जिसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता अपेक्षित है।



